राजगढ़(ईएमएस) l जिले के इकलेरा गांव के सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार द्वारा एक यूट्यूबर की पिटाई करने और एक पत्रकार के घर में घुसकर भारी तोड़फोड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। 13 फरवरी को सरपंच ने साथियों के साथ मिलकर कालापीपल के यूट्यूबर को पीटा और फिर सोमवार रात इसी घटना का वीडियो वायरल करने के शक में एक पत्रकार के घर पर लाठी-फर्सी से हमला कर दिया। इन दोनों घटनाओं के वीडियो अब सामने आ चुके हैं। फिलहाल, यूट्यूबर ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं पुलिस ने पत्रकार के घर हमले के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसमें मंगलवार को पत्रकार ने 4 आरोपियों की पहचान कर उनके नाम पुलिस को सौंप दिए हैं। शाजापुर जिले के कालापीपल निवासी यूट्यूबर विश्ववास चंद्रवंशी ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 फरवरी को वह अपने दो साथी जितेंद्र नायक और धर्मेंद्र बामनिया के साथ राजगढ़ जिले के इकलेरा गांव पहुंचे थे। उन्होंने सरपंच से मिलने के लिए फोन किया था। आरोप है कि लौटते समय सरपंच श्रवण पाटीदार ने उन्हें फोन कर गाड़ी रुकवाई। विश्ववास के अनुसार, सरपंच अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पूछा, मेरी पंचायत में कैसे आए? इसके बाद उन तीनों के मोबाइल फोन और कार की चाबी छीन ली गई और यूट्यूबर के साथ थप्पड़ों से जमकर मारपीट की गई। गोदाम में ले जाकर दी धमकी, जबरन बनवाया वीडियो शिकायत में बताया गया है कि मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया था जो अब सामने आया है। आरोप है कि पिटाई के बाद उन्हें एक गोदाम में ले जाया गया। वहां कथित तौर पर उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि उन्होंने घटना के बारे में किसी को बताया तो परिणाम गंभीर होंगे। वहां उनका एक वीडियो भी बनाया गया, जिसमें जबरन यह कहलवाया गया कि सरपंच ने उनके साथ कोई मारपीट नहीं की है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर यूट्यूबर ने राजगढ़ एसपी कार्यालय और संबंधित थाने में लिखित शिकायत दी है। वीडियो वायरल होने के शक में पत्रकार के घर बोला हमला दूसरा मामला तलेन थाना क्षेत्र के इकलेरा निवासी पत्रकार संजय से जुड़ा है। उनका आरोप है कि यूट्यूबर से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सरपंच को शक था कि यह वीडियो उन्होंने फैलाया है। इसी रंजिश के चलते सोमवार रात करीब सवा 11 बजे सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष अपने 8 साथियों के साथ उनके घर पहुंच गए। हाथ में लाठी और फर्सी लिए इन हमलावरों ने घर पर धावा बोल दिया। - गेट, नई कार और वाशिंग मशीन तोड़ी; पत्नी ने डायल किया 112 पत्रकार संजय के मुताबिक, मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुसे लोगों ने घर में खड़ी बाइक, नई कार, वॉशिंग मशीन और टॉयलेट का दरवाजा तक तोड़ दिया। हमले के वक्त वे और उनकी पत्नी ऊपर कमरे में थे। स्थिति बिगड़ती देख पत्नी ने 112 पर कॉल किया और थाना प्रभारी को सूचना दी। परिवारजन वहां पहुंचते उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। पहले इस मामले में अज्ञात आरोपियों पर एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन मंगलवार को बयान के दौरान पत्रकार ने चार लोगों की पहचान कर उनके नाम पुलिस को सौंप दिए हैं।-निखिल/राजगढ़/24/2/2026