राज्य
24-Feb-2026
...


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की प्रगति को नई रफ्तार देते हुए भारतीय रेल द्वारा भोपाल-धनबाद/चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ 24 फरवरी को भोपाल रेलवे स्टेशन से किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और अपने संबोधन में कहा कि रेलवे किसी भी राज्य के औद्योगिक एवं सामाजिक विकास की रीढ़ होती है तथा यह नई सेवा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के बीच संपर्क को और सुदृढ़ करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। उनकी दूरदर्शी नीतियों एवं सशक्त निर्णयों के परिणाम स्वरूप मध्य प्रदेश में रेलवे ने भी अभूतपूर्व परिवर्तन एवं आधुनिकीकरण का नया अध्याय लिखा है। भोपाल-धनबाद/चोपन एक्सप्रेस के संचालन से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच सीधी एवं सुगम रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को तीव्र, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यह नई एक्सप्रेस सेवा न केवल आम यात्रियों के आवागमन को सरल बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगी। औद्योगिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री म.प्र. राधा सिंह, सांसद आलोक शर्मा (भोपाल), सांसद डॉ. राजेश मिश्रा (सीधी) एवं विभिन्न क्षेत्रों के विधायकगण सहित मध्य प्रदेश शासन के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा डीआरएम पंकज त्यागी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। भोपाल-धनबाद/चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति, क्षेत्रीय संतुलन और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगा। आशीष पाराशर, २४ फरवरी, २०२६