व्यापार
24-Feb-2026
...


:: मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने किया उद्घाटन; एडवांटेज असम 2.0 के तहत स्थानीय युवाओं को मिलेगा ग्लोबल एक्सपोजर :: गुवाहाटी (ईएमएस)। भारत के निजी क्षेत्र के अग्रणी एचडीएफसी बैंक ने सोमवार को गुवाहाटी में अपनी नई टेक और डिजिटल फैक्ट्री का शुभारंभ कर पूर्वोत्तर भारत के तकनीकी इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। यह सुविधा असम में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट, इनोवेशन और टैलेंट इनक्यूबेशन के लिए एक समर्पित केंद्र के तौर पर कार्य करेगी। मुंबई, बेंगलुरु और गुरुग्राम के बाद यह देश भर में बैंक की चौथी और असम की पहली टेक फैक्ट्री है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैज़ाद भरूचा और चीफ इन्फॉर्मेशन ऑफिसर रमेश लक्ष्मीनारायण की उपस्थिति में इस केंद्र का भव्य उद्घाटन किया। असम सरकार के “एडवांटेज असम 2.0” विजन के तहत एचडीएफसी बैंक ने राज्य सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है। इस साझा पहल के माध्यम से बीएफएसआई और फिनटेक सेक्टर के लिए एक स्ट्रक्चर्ड स्किल-बिल्डिंग करिकुलम तैयार किया गया है। वर्तमान में 150 से अधिक छात्र इस प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिन्हें बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है। इस पाठ्यक्रम के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है, साथ ही उन्हें बैंक के साथ 2 से 4 महीने की अनिवार्य इंटर्नशिप का अवसर भी दिया जाएगा, जिससे स्थानीय टेक टैलेंट को घर के पास ही करियर के वैश्विक अवसर मिलेंगे। :: एआई और क्लाउड इंजीनियरिंग पर विशेष फोकस :: एचडीएफसी बैंक की इस नई डिजिटल फैक्ट्री का प्राथमिक लक्ष्य एआई, क्लाउड, डेटा और कोर इंजीनियरिंग ट्रैक में मुख्य प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाना है। बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैज़ाद भरूचा ने कहा कि फरवरी 2025 में हस्ताक्षरित एमओयू के मात्र एक वर्ष के भीतर इस सुविधा को धरातल पर उतारना असम सरकार के अटूट सहयोग का परिणाम है। यह इकाई एक्सपीरियंस डिज़ाइन, मोबाइल इंजीनियरिंग और जेन-एआई जैसी समर्पित यूनिट्स के माध्यम से नेक्स्ट-जेनरेशन बैंकिंग सेवाओं के विकास में सीधे योगदान देगी। :: असम के आर्थिक विकास में बैंक की अहम भूमिका :: बैंक की यह विस्तार योजना असम में उसके गहरे होते पदचिह्नों को दर्शाती है। वर्ष 2004 में गुवाहाटी से शुरू हुई यात्रा आज 138 शाखाओं और 248 एटीएम तक पहुँच गई है। स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 तक असम में एचडीएफसी बैंक का सीडी रेश्यो 85.78 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में बैंक की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह नई सुविधा न केवल बैंकिंग सेवाओं को सुगम बनाएगी बल्कि असम को साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल टैलेंट पूल के रूप में भी मजबूती प्रदान करेगी। प्रकाश/24 फरवरी 2026