मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ खुला। बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आया है। । सुबह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स करीब 475 अंक बढ़कर 82,748 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 145 अंक उछलकर 25,568 पर खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों के कारण बाजार में तेजी रही। वहीं निफ्टी आईटी में सबसे अधिक लाभ दर्ज किया गया। निफ्टी मेटल, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑयलएंडगैस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी मीडिया, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी एनर्जी के साथ ही सभी सूचकांक में बढ़त रही। आज लार्जकैप के साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 235 अंक करीब 0.43 फीसदी उछलकर 59,307 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 98 अंक की तेजी के साथ ही 17,058 पर था। सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टीसीएस, पावर ग्रिड, इंडिगो, टाटा स्टील, एनटीपीसी, एलएंडटी, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और बीईएल के शेयरों में लाभ हुआ। वहीं एसबीआई, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स के शेयरों को नुकसान हुआ। आज बाजार में सकारात्मक प्रभाव रहा है। ऐसे में काफी शेयर उछले हैं। ज्यादातर वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हुआ। शंघाई, टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक, जकार्ता के बाजारों में तेजी रही। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार गत दिवस बढ़त पर रहे। शेयर बाजार में तेजी का कारा एफआईआई की ओर से बिकवाली का दबाव कम होना है। वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शेयरों में 102.53 करोड़ रुपए की बिकवाली रही। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,161.22 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। ईएमएस 25 फरवरी 2026