नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के समयपुर बादली की घटना है। चारों के शव घर के कमरे में मिले, जबकि आरोपी फरार है। परिवार कुछ महीने पहले ही यहां किराये पर रहने आया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के समयपुर बादली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। चारों के शव एक ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले। वारदात के बाद आरोपी मुनचुन केवट फरार है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतकों की पहचान अनीता और उसकी तीन बेटियों (उम्र 5 वर्ष, 4 वर्ष और 3 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब बुधवार सुबह करीब 7 बजे अनीता का एक रिश्तेदार उनके घर पहुंचा। दरवाजा खुला होने पर वह अंदर गया तो सामने का दृश्य देख हैरान रह गया। कमरे के फर्श पर अनीता और उसकी तीनों बेटियों के शव पड़े थे और चारों के गले किसी धारदार हथियार से रेते गए थे। उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही समयपुर बादली थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सर्वोदय विद्यालय के पास चंदन पार्क स्थित एक मकान में महिला और तीन नाबालिग बच्चियों की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि चारों के गले रेते गए थे। मृत महिला की पहचान अनीता के रूप में हुई है। उसका पति मुनचुन केवट सुबह से लापता है और मुख्य संदिग्ध है। पड़ोसियों ने ही सबसे पहले शव देखे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/25/फरवरी/2026