25-Feb-2026
...


-राजस्थान में तापमान 36डिग्री से ऊपर मार्च के शुरुआत में हीटवेव की चेतावनी नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के पंचाचूली समेत कई क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में तीन दिन से बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 और 28 फरवरी से मौसम बदलेगा और पहाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में पिछले 2 दिन में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, बैतूल और सीहोर समेत 20 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी-बारिश का दौर रहा। ओले भी गिरे। इस वजह से गेहूं-चने की फसलों पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन मार्च की शुरुआत में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में गर्मी शुरू हो गई है और दिन का अधिकतम तापमान अब 36डिग्री से ऊपर चला गया। बाड़मेर में मंगलवार को दिन का टेंपरेचर 36.3डिग्री रहा। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम-अधिकतम सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया। मौसम विभाग ने राज्य में मार्च के शुरुआत में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान पारा 40डिग्री तक जा सकता है। वहीं सिक्किम के ऊंचे इलाकों में मंगलवार को 15वीं माइल और त्सोमगो झील के पास भारी बर्फबारी हुई। इससे सड़कें जाम हो गईं। यहां 541 टूरिस्ट गाड़ियां फंस गईं। अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम पुलिस, ड्राइवर एसोसिएशन की मदद से सभी गाड़ियों और टूरिस्ट्स को सुरक्षित निकाला गया है। दिल्ली के एनसीआर में मौसम अब करवट ले रहा है। आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। इसके बावजूद एक्यूआई एक बार फिर गंभीर से अति गंभीर श्रेणी की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। 25 और 26 फरवरी को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 27 फरवरी को हल्की धुंध रहने का पूर्वानुमान है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आनंद विहार में एक्यूआई 342 दर्ज किया गया, जो अति गंभीर श्रेणी में है। अलीपुर में 256, अशोक विहार में 258, बवाना में 279, बुराड़ी क्रॉसिंग में 265, चांदनी चौक में 275, सीआरआरआई मथुरा रोड में 221, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 219, डीटीयू में 229 और आया नगर में 192 एक्यूआई दर्ज किया गया है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 244, सेक्टर-62 में 227, सेक्टर-1 में 206 और सेक्टर-116 में 222 दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 283, लोनी में 289, संजय नगर में 204 और वसुंधरा में 281 एक्यूआई दर्ज हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी और स्थानीय प्रदूषण स्रोतों के कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। हालांकि तेज हवाएं कुछ हद तक राहत दे सकती हैं। 26 फरवरी को छत्तीसगढ़ में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। मार्च की दस्तक से पहले मौसम विभाग ने राहत और सतर्कता, दोनों के संकेत दिए हैं। 27 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके कारण चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिलों की अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। अन्य भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी। सिराज/ईएमएस 25फरवरी26