नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय इजराइल यात्रा को लेकर देश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस सांसद और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा गाजा में नरसंहार का मुद्दा उठाने के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन पर हमलावार हो गई है। भाजपा ने प्रियंका गांधी को ‘‘भारतीय राजनीति की महिला गजनी’’ करार देकर उन पर सुविधाजनक आक्रोश व्यक्त करने का आरोप लगाया है। ‘महिला गजनी’ का यह रोचक संदर्भ 2008 की हिंदी फिल्म ‘गजनी’ के एक पात्र से प्रेरित है जिसकी याददाश्त बार-बार चली जाती है। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी को गाजा में मानवीय संकट दिखता है लेकिन वह इजराइल में सात अक्टूबर के हमलों को भूल गई हैं। यह घटना तब सामने आई है जब प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इजराइल की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले उन पर निशाना साधकर उम्मीद जाहिर की, कि वे इजराइल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करते हुए गाजा में हुए ‘नरसंहार’ का जिक्र कर पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करे। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पोस्ट किया कि भारत को निश्चित रूप से दुनिया को सत्य, शांति और न्याय की रोशनी दिखाते रहना होगा। प्रियंका गांधी वाड्रा की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने लिखा, ‘‘भारतीय राजनीति की ‘महिला गजनी’ वापस आ गई हैं!’ भाटिया ने कांग्रेस नेता की एक पुरानी तस्वीर साझा की जिसमें वह ‘फलस्तीन’ लिखा हुआ बैग लिए खड़ी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘संसद में ‘फलस्तीन’ लिखा हुआ बैग ले जाना आसान है, लेकिन सात अक्टूबर को 1,200 से अधिक निर्दोष लोगों के नरसंहार, महिलाओं के अपहरण और बलात्कार की निंदा करने का नैतिक साहस दिखाना प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए बहुत मुश्किल है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता भाटिया ने कहा कि इसतरह के कृत्यों की निंदा करने के लिए बहुत नैतिक साहस की आवश्यकता होती है और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘आप भले ही गांधी उपनाम का इस्तेमाल करती हों, लेकिन आपमें दृढ़ विश्वास और साहस की कमी है।’’ आशीष दुबे / 25 फरवरी 2026