वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि हमने दुनिया भर के देशों पर जो टैरिफ लगाए हैं, उन टैरिफों को भले ही सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। लेकिन सभी देश सहमत हैं और अब जो ट्रेड डील हुई हैं, उस लेकर किसी को भी कोई दिक्कत नहीं है। ट्रंप ने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित कर कहा कि भविष्य में टैरिफ से मिलने वाली रकम इतनी होगी कि अमेरिकी लोगों से लिए जाने वाले इनकम टैक्स की जरूरत नहीं रहेगी। इस तरह इनकम टैक्स की जगह भविष्य में टैरिफ ले लेगा। ट्रंप ने कहा, मुझे भरोसा है कि आने वाले समय में दूसरे देशों से मिलने वाले टैरिफ की रकम इतनी अधिक होगी कि इनकम टैक्स की जरुरत नहीं होगी। उन्होंने इस संबंध में खुलकर नहीं कहा, लेकिन उनका इशारा था कि शायद टैरिफ के चलते इनकम टैक्स ज्यादा वसूलने की जरूरत नहीं होगी। ट्रंप ने कहा कि अभी 4 दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट का दुर्भाग्यपूर्ण फैसला आया था। यह फैसला ठीक नहीं था, लेकिन गुड न्यूज यह है कि ज्यादातर देशों ने हमारे साथ हुई ट्रेड डील पर सहमति जाहिर की है। ये डील सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले हुई हैं और वे जारी रहेंगी। यही नहीं ट्रंप ने कहा कि ज्यादातर देश इसलिए भी हमारी ट्रेड डील पर राजी हैं क्योंकि उन्हें पता है कि यदि हमने डील को नहीं माना, तब फिर अमेरिका की ओर से और खराब विकल्प मिल सकते है। ऐसी स्थिति में हमारी ओर से ऑफर की गई डील को लोगों ने स्वीकार की है। अच्छी बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले ही हमने ये डील कर ली थीं। बता दें कि अमेरिकी अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने बतौर राष्ट्रपति अपनी शक्तियों और अधिकार क्षेत्र से परे जाकर टैरिफ लगाने का फैसला लिया है। 9 जजों की बेंच ने 6-3 के बहुमत से टैरिफ के फैसले को खारिज कर दिया है। आशीष दुबे / 25 फरवरी 2026