अंतर्राष्ट्रीय
25-Feb-2026


लाहौर (ईएमएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच ड्यूरंड लाइन को लेकर लंबे समय से विवाद जारी है। इस सीमा रेखा को लेकर दोनों देशों के बीच अक्सर तनाव और झड़पें होती हैं, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति प्रभावित होती है। मंगलवार शाम फिर दोनों देशों के बीच सीमा पर हिंसक संघर्ष भड़क उठा। दोनों ओर से भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया और देर रात तक जमकर गोलीबारी होती रही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस झड़प में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार शाम रोजा खोलने के समय के करीब अफगान बलों ने ड्यूरंड लाइन पर पाकिस्तान की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल ही में पाकिस्तान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक के जवाब में की गई। सूत्रों के अनुसार, पूर्वी अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में, जो पाकिस्तान से सटा हुआ है, संघर्ष सबसे अधिक तीव्र रहा। दोनों पक्षों ने मोर्टार और अन्य भारी हथियारों का उपयोग किया, जिससे सीमा क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने भी तेज धमाकों और लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनने की बात कही है। इससे पहले काबुल के एक अधिकारी ने दावा किया था कि पाकिस्तान ने ड्रोन और लड़ाकू विमानों की मदद से सीमा क्षेत्र में एयरस्ट्राइक की, जिसमें 18 लोगों की मौत और पांच के घायल होने की बात कही गई। वहीं पाकिस्तान ने स्वीकार किया कि उसने खुफिया जानकारी के आधार पर सात उग्रवादी ठिकानों पर लक्षित कार्रवाई की। पाकिस्तान का कहना है कि हालिया आत्मघाती हमलों के बाद यह कदम उठाया गया और 80 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि अफगान पक्ष ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि हमलों में आम नागरिक प्रभावित हुए। अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने चेतावनी दी है कि किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। वहीं पाकिस्तान का दावा है कि उसने तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों को निशाना बनाया। ताजा घटनाक्रम ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है और सीमा क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। आशीष दुबे / 25 फरवरी 2026