क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


- आरोपी ट्रक चालक एवं माल खरीदने वाला खरीददार पुलिस गिरफ्त में आरोपियों के कब्जे से बेंचे गए माल के 03 लाख रुपये नकदी सहित घटना मे प्रयुक्त ट्रक जप्त गुना (ईएमएस)। गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के सशक्त, कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मागदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली पुलिस द्वारा एक व्यापारी के पशु आहार के 200 कट्टे गवन किए जाने के मामले में तत्पर और प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी ट्रक चालक सहित माल खरीदने वाले खरीददार को गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक व बेचे गए माल के 03 लाख रुपये जप्त किए गए हैं । उल्‍लेखनीय है कि महावीरपुरा गुना निवासी व्यापारी देवेन्द्र साहू ने गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने तिवाना न्यूट्रीशन ग्लोबल प्रायवेट लिमिटेड देवास से पशु आहार के 600 कट्टे (प्रत्येक में 50 किलोग्राम) मंगाए थे । जो कि माहेश्वरी ट्रांसपोर्ट इंदौर के ट्रक क्रमांक RJ09 GC 0144 से गुना आए थे । ट्रक चालक दिनांक 16 फरवरी 2026 को ट्रक लेकर गुना आया तो उसमें से पशु आहार के 500 कट्टे उतार लिए थे बाद में पुनः 100 कट्टे और ट्रक में भरकर कुल 200 कट्टे दीनू किराना बेरखेडी के यहां उतारने के लिए ट्र्क चालक को भेजा था जो कि ट्रक चालक ने पशु आहार के 200 कट्टे कीमती करीबन 03 लाख रुपये उक्त पते पर न पहुंचाते हुए कहीं और ले गया जिस पर से गुना कोतवाली में अप.क्र. 91/26 धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था । अमानत में खयानत किये जाने के उपरोक्‍त प्रकरण के आरोपी ट्रक चालक की गुना कोतवाली पुलिस द्वारा सघन तलाश व पतारसी की गई और दिनांक 22 फरवरी 2026 को ट्रक चालक देवेन्द्र पुत्र नारायण सिंह सिसोदिया उम्र 46 साल निवासी नजीराबाद जिला भोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया जिसने पूछताछ पर जुर्म स्वीकार करते हुए पशु आहार के 200 कट्टे व्याबरा के संस्कृति ढावा संचालक राहुल सौंधिया को दो लाख रुपये में बेच देना और बेंचे गए माल के 30 हजार रुपये देना बाकी 1.70 लाख रुपये बाद में देना बताया । पुलिस द्वारा आरोपी ट्रक चालक से 30 हजार रुपये नकदी एवं घटना में प्रयुक्त ट्रक को जप्त किया गया । जिस पर से प्रकरण में आरोपी खरीददार राहुल सौंधिया को भी आरोपी शुमार कर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस इजाफा की गई । गुना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण के आरोपी की तलाश हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की निरंतर तलाश की गई जिसके परिणाम स्वरुप गत दिनांक 24 फरवरी 2026 को प्रकरण में फरार दूसरे आरोपी राहुल पुत्र शिवनारायण सौंधिया उम्र 26 साल निवासी ग्राम मिट्ठनपुर चौकी थाना मलावर जिला राजगढ हाल संस्कृति ढावा एबी रोड व्याबरा को गिरफ्तार कर लिया गया, पुलिस द्वारा जिसके कब्जे से पशु आहार कट्टों की शेष राशि 2.70 लाख रुपये को विधिवत जप्त किया गया । पुलिस द्वारा दोनों गिरफ्तारशुदा आरोपियों को माननीय न्यायालय पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है । गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में इंचार्ज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा, सउनि हरिचरण मीना, प्रधान आरक्षक रमेश गुर्जर, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा एवं सैनिक रंजीत समर की महत्‍वपूर्ण भूमिका रही है । - सीताराम नाटानी