क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


- दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को लाभ मिलेगा -कलेक्टर दतिया ( ईएमएस ) | जिले में अभिनव, अनूठी पहल के तहत जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में अप्रावा एनर्जी एवं स्वदेश ग्रामोत्थान समिति के सहयोग से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु टेलीमेडिसिन परियोजना का शुभारंभ कलेक्टर बंगला के सभागार में किया गया। टेलीमेडिसिन शुभारंभ व कम्प्यूटर सामग्री सुपुर्दगी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने संबोधित करते हुए टेलीमेडिसिन से जरूरतमंद मरीजों को दूरस्थ अंचल में सहजता से स्वास्थ्य परामर्श, सेवाएँ मुहैया हो सकेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अप्रावा एनर्जी के वाइस प्रेसिडेंट श्री सरदार ने परियोजना के बारे में व्यापक जानकारी दी। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि टेलीमेडिसिन परियोजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस पहल के माध्यम से मरीजों को जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही ऑनलाइन परामर्श की सुविधा मिल सकेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने टेलीमेडिसिन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आश्वस्त किया। कार्यक्रम में जनरल मैनेजर अप्रावा श्री अनिल शाह ने भविष्य में भी सहयोग करने की बात कही। इस अवसर पर सर्वश्री सोनसिंह यादव, श्री पुष्पराज सिंह, श्री गौरव प्रामाणिक, श्री रविशंकर व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अजय गुप्ता जिला लेखा प्रबंधक, आशीष खरे, कुलदीप व बलदेव राज बल्लू, कुंजबिहारी गोस्वामी, फैमिली हेल्थ इंडिया के अशोक कुमार शाक्य, सरदार सिंह गुर्जर, पीयूष राय, बलवीर पाँचाल, शिवम बघेल, भूपेंद्र कुशवाहा आदि तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। परियोजना के अंतर्गत अप्रावा व स्वदेश संस्था द्वारा चयनित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कम्प्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, प्रिंटर तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। जिससे मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार की प्रक्रिया सरल एवं प्रभावी हो सकेगी। विशेषज्ञ डॉक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मरीजों की स्थिति का आकलन कर उचित सलाह देंगे। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति के अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं एवं दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन रामजीशरण राय ने किया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।