-परिजनों का आरोप- नर्स ने पेट पर मुक्का मारा, मृत अवस्था में बच्चा बाहर आया बैतूल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात नर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है प्रसव के दौरान नर्स ने महिला के पेट पर मुक्के का दबाव डाला, जिसके बाद जन्म लेने वाला नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ। परिजनों के मुताबिक महिला को प्रसव पीड़ा हो रही थी और वह दर्द से चिल्ला रही थी। इसी दौरान नर्स ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। नर्स ने महिला से अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि तुमने पाप किया होगा, इसलिए तुम्हें दिक्कत हो रही है, इस तरह की टिप्पणी से महिला और उसके परिवार को गहरी मानसिक चोट पहुंची है। परिजनों का कहना है कि जब महिला को ज्यादा दर्द हो रहा था, तब सही तरीके से इलाज और देखभाल करने के बजाय नर्स ने लापरवाही बरती। उन्होंने आरोप लगाया कि नर्स ने गुस्से में आकर महिला के पेट को जोर से दबाया। इसके कुछ समय बाद जब प्रसव हुआ, तो नवजात शिशु मृत बाहर आया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और परिजनों ने हंगामा कर दिया। पीड़ित परिवार ने दोषी नर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर नर्स दोषी पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सिराज/ईएमएस 25फरवरी26