मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार बुधवार, 25 फरवरी 2026 को आयोजित हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा (गणित विषय) के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव ने मुरैना जिले के तीन परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खड़ियाहार, सिहोनिया एवं मिरघान का अवलोकन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का संचालन स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता पाया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन संबंधी व्यवस्थाएँ संतोषजनक रहीं।