- पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश राजगढ़(ईएमएस)l जिला पेंशनर संघ फोरम की बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में पेंशनरों के लिए जिला मुख्यालय पर नियमित बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। इस हेतु गंज स्कूल परिसर में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए, ताकि पेंशनरगण सुव्यवस्थित वातावरण में बैठक कर सकें। लोक निर्माण विभाग से संबंधित प्रकरण में यह तथ्य सामने आया कि दो कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के उपरांत भी उनका एरियर एवं टी.ए. भुगतान लंबित है। इस पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित बाबू श्री बद्रीलाल वर्मा को निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा तीन दिवस के भीतर लंबित भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने यह भी निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि से तीन माह पूर्व ही सर्विस बुक की प्रति उपलब्ध करा दी जाए, ताकि यदि किसी दस्तावेज की कमी हो तो समय रहते उसकी पूर्ति की जा सके और सेवानिवृत्ति उपरांत भुगतान में विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पेंशन संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता से किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। -निखिल/राजगढ़/25/2/2026