- शिकार की आशंका : वन विभाग ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव जबलपुर, (ईएमएस)। नर्मदा नदी के पावन तट गौरीघाट में बुधवार को एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ मरा कैसे यह अभी स्पष्ट नहीं है| अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामलें का खुलासा होगा| प्रथम दृष्टया मगरमच्छ का करंट लगाकर शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का शव पोस्टमार्टम के लिए वेटरनरी कॉलेज स्थित फोरेंसिक सेंटर भेजा है। नर्मदा नदी में गौरीघाट के मुख्य तट से थोड़ा आगे पहले भी मगरमच्छ देखा गया जो बीच बीच में पानी से निकलकर धूप सेंकने के लिए खेतों के बीच आ जाता था| पहले भी सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हो चुके थे| लेकिन बुधवार को जब मंगलमच्छ मृत अवस्था में मिला तो हड़कंप मच गया| यहां बता दे कि मगरमच्छ को मां नर्मदा जी का वाहन माना जाता है, इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। गौरीघाट में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को फ्री कोचिंग देने वाले पराग दीवान ने बताया कि करीब तीन-चार फुट लंबा मगरमच्छ का शव बुधवार की सुबह घाट किनारे मिला है। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई, जबलपुर रेंज के रेंजर अपूर्व प्रखर शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची| श्री शर्मा ने बताया कि वन विभाग ने मगरमच्छ को अपने सुरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विटरनरी कॉलेज के फोरेसिंक विभाग को भेजा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मगरमच्छ की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा| आशंका जताई जा रही है कि करंट लगाकर मगरमच्छ को मारा गया है। इसकी वजह दहशत भी हो सकती है| बहरहाल सभी पहलुओं पर वन विभाग जांच कर रहा है। सुनील साहू / मोनिका / 25 फरवरी 2026