क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


- खो रही है शासकीय सेवाओं की मर्यादा - साहित्यकार डॉ. एन.एस. चौहान की कृति प्रेरक लघु कथाएं का विमोचन; पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोतीलाल पटेल ने सामाजिक मूल्यों पर जताई चिंता :: इंदौर (ईएमएस)। अनैतिक मार्ग और बेईमानी से अर्जित धन भले ही भौतिक सुख दे दे, लेकिन वह ईश्वर की दृष्टि से छिपा नहीं रह सकता। वर्तमान दौर में शासकीय सेवाओं में मान-मर्यादा और सम्मान का जो ह्रास हो रहा है, वह समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यह तीखे विचार पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोतीलाल पटेल ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. एन.एस. चौहान की 13वीं कृति प्रेरक लघु कथाएं के गरिमामय विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि एक समय था जब शासकीय सेवकों का समाज में उनकी ईमानदारी और मर्यादा के लिए सम्मान होता था, लेकिन आज की चकाचौंध में वे मूल्य कहीं पीछे छूट गए हैं। उन्होंने डॉ. चौहान की पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी लघु कथाएं समाज को पुनः नैतिकता की ओर मोड़ने में पथ-प्रदर्शक का कार्य करती हैं। साहित्यिक चर्चा के इस केंद्र में पूर्व अपर कलेक्टर रणजीत सिंह बालोदिया, शांतिलाल सोलंकी, दिनेश मालवीय, गिरधारी प्रजापत, भगवान सिंह सोलंकी, डी. जी. सोनगरा और आर.सी. चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसमें किरण चौहान, विपिन बालोदिया और अशोक चौहान ने सभी आगंतुकों का आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ पत्रकार अजय शुक्ला ने किया, जिन्होंने चर्चा को साहित्यिक गहराई प्रदान की। आयोजन के अंत में अजय सुमन ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रकाश/25 फरवरी 2026