राष्ट्रीय
25-Feb-2026


अन्य लोग घायल, पांच माह का शिशु पूरी तरह से सुरक्षित पणजी (ईएमएस)। गोवा के असगांव इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सैलानियों और लोगों को झकझोर दिया। हैप्पी बार जंक्शन पर तेज रफ्तार किराए की थार ने सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में भोपाल निवासी 65 वर्षीय भगतराम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। पांच महीने का एक शिशु चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, शर्मा परिवार अपनी कार से गोवा घूमने आया था। दोपहर के समय जब उनकी कार असगांव के हैप्पी बार जंक्शन से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसयूवी काफी तेज गति में थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल भगतराम शर्मा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार में मौजूद दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। लोगों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद थार में सवार युवतियों ने कथित तौर पर ड्राइवर की सीट बदलने की कोशिश की, ताकि असली चालक की पहचान छिपाई जा सके। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखकर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार वाहन किराए पर लिया गया था। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है। आशीष दुबे / 25 फरवरी 2026