क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


- बच्चों की कलाकारी और श्रमदान से आदर्श बनी बैकलेन - महापौर और आयुक्त की पहल पर नागरिकों ने संवारा वार्ड 18 का कोना; हस्ताक्षर अभियान और पोहा पार्टी के साथ स्वच्छता का जश्न :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के प्रति इंदौर का जुनून एक बार फिर धरातल पर दिखाई दिया है। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत झोन 17 के वार्ड 18 स्थित गोविंद नगर खारचा में जनसहभागिता का एक अद्भुत उदाहरण पेश किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशों पर रहवासियों और स्कूली बच्चों ने मिलकर एक उपेक्षित बैकलेन को आदर्श बैकलेन और सौंदर्य के केंद्र में बदल दिया है। इस कायाकल्प की सबसे बड़ी विशेषता इसका जनसहभागिता मॉडल रहा। क्षेत्र के रहवासियों ने न केवल सफाई की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि स्वयं श्रमदान कर दीवारों का रंग-रोगन भी किया। बैकलेन की दीवारों को स्वच्छता संदेशों और आकर्षक पेंटिंग्स से सजाया गया है, जो अब पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गई हैं। नागरिकों ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो जनसहयोग से किसी भी स्थान की तस्वीर बदली जा सकती है। :: नन्हे हाथों ने लिखी स्वच्छता की इबारत :: कार्यक्रम में नवज्योति स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने न केवल दीवारों पर रंग-बिरंगी आकृतियां उकेरीं, बल्कि वहां आयोजित हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी आजीवन प्रतिबद्धता भी जताई। बच्चों की इस रचनात्मकता ने पूरी बैकलेन को जीवंत स्वरूप प्रदान किया है। :: पोहा पार्टी और खेल गतिविधियों से जुड़ाव :: स्वच्छता के इस उत्सव को और अधिक यादगार बनाने के लिए वहां विशेष खेल गतिविधियों और पारंपरिक पोहा पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर इंदौर को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ ली। अधिकारियों के अनुसार, गोविंद नगर खारचा की यह आदर्श बैकलेन अब अन्य वार्डों के लिए एक बेंचमार्क के रूप में कार्य करेगी, जिससे शहर के स्वच्छता अभियान को नई मजबूती मिलेगी। प्रकाश/25 फरवरी 2026