- नगर निगम ने जारी किया टोल-फ्री नंबर जबलपुर, (ईएमएस)। शहरवासियों की सुरक्षा और आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए नगर निगम ने बड़ी तैयारी कर ली है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने इस दिशा में व्यापक तैयारियों का खाका खींचते हुए आमजन की सुविधा के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन.............. अब शहर के किसी भी क्षेत्र में आवारा श्वानों से संबंधित समस्या होने पर नागरिक सीधे नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं। निगमायुक्त ने बताया कि शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर 8982804546 जारी किया गया है जिस पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ संवाद............. निगमायुक्त ने डॉ. पी.जी. नाजपांडे एवं विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में बताया गया कि निगम द्वारा नियुक्त एजेंसी अब तक एक साल में 7 हजार 072 श्वानों का बधियाकरण करा चुकी है। हॉट स्पॉट की पहचान.......... डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने विशेष रूप से गढ़ा क्षेत्र को हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित करते हुए वहां सघन अभियान चलाने का सुझाव दिया। व्यवस्थित फीडिंग........ निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि आवारा श्वानों को केवल निर्धारित फीडिंग जोन पर ही भोजन कराया जाए, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षा का वातावरण न बने। सहयोग की अपील............. निगमायुक्त श्री अहिरवार ने डॉग प्रेमियों से अपील की है आवारा श्वानों के नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें। सुनील साहू / मोनिका / 25 फरवरी 2026