- वीयू में देश भर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन जबलपुर, (ईएमएस)। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (वीयू), जबलपुर और इंडियन सोसाइटी फॉर वेटरनरी सर्जरी के संयुक्त तत्वावधान में 48वें वार्षिक अधिवेशन एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन आज गुरुवार 26 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में आधुनिक पशु चिकित्सा और उन्नत इमेजिंग तकनीकों पर देश भर के विशेषज्ञ मंथन करेंगे। उक्त जानकारी बुधवार को वेटरनरी कॉलेज के समागम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. मनदीप शर्मा , अधिष्ठाता, आयोजक व कॉन्फ्रेंस की आयोजन सचिव डॉक्टर अपरा शाही ने दी। पत्रकारों से चर्चा में कुलपति प्रो मनदीप शर्मा ने बताया कि यह कॉन्फ्रेंस 26 से 28 फरवरी, 2026 के बीच पशुचिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय, जबलपुर में आयोजित की जा रही है। कॉन्फ्रेंस में पशु शल्य चिकित्सा एवं इमेजिंग में एकीकृत क्षितिज: स्कैल्पेल से स्क्रीन तक विषय पर चर्चा होगी| उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री लखन पटेल, विशिष्ट अतिथि: डॉ. उमेश चंद्र शर्मा, प्रेसिडेंट, वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया, हैं। सम्मेलन में पशु चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों पर चर्चा होगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 500 वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधार्थी शामिल हो रहे हैं। कॉन्फ्रेंस के दौरान कुल 449 शोध सारांश और 8 मुख्य शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। तकनीकी सत्र: कुल 11 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें एनेस्थीसिया, एवियन सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, रेडियोलॉजी, वन्यजीव और लघु पशु शल्य चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशेषज्ञों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। डॉ. जे. एम. निगम को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन रूमिनेंट सर्जरी से नवाजा जाएगा। सोसाइटी के वरिष्ठ संस्थापक सदस्य डॉ. एम. आर. पटेल (99 वर्ष) एवं डॉ. पी. ई. कुलकर्णी (95 वर्ष) को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, डॉ. विजय परिहार को ओ. रामकृष्ण ओरेशन पुरस्कार तथा अन्य मेधावियों को यंग साइंटिस्ट और सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस मेंडीन डॉक्टर आरके शर्मा, स्कूल ऑफ वाइल्ड फोरेंसिक हेल्थ की निदेशक डॉक्टर शोभा जावरे, एआर डॉक्टर रामकिंकर मिश्रा, मीडिया अधिकारी डॉक्टर सोना दुबे, सर्जरी विभाग से डॉक्टर रणधीर सिंह, डॉक्टर बबिता दास आदि उपस्थित थे। सुनील साहू / मोनिका / 25 फरवरी 2026