- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया वर्चुअल शुभारंभ - भितरवार की ज्योति सीएलएफ को मिला आजीविका एक्सप्रेस वाहन ग्वालियर ( ईएमएस ) | फूलबाग के समीप स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में स्व-सहायता समूहों की दीदियों के उत्पादों को बाजार एवं शहरवासियों को ये उत्पाद उपलब्ध कराने के लिये “आजीविका मार्ट” स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ग्वालियर के आजीविका मार्ट का वर्चुअल शुभारंभ किया। आजीविका मार्ट में ग्वालियर संभाग के सभी जिलों के स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पाद बिक्री के लिये उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित हुईं स्व-सहायता समूहों की आजीविका मिशन क्षमतावर्धन कार्यशाला से ग्वालियर के आजीविका मार्ट का वर्चुअल शुभारंभ किया। साथ ही ग्वालियर जिले के भितरवार तहसील के स्व-सहायता समूहों के ज्योति सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) के आजीविका एक्सप्रेस वाहन को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, कौशल विकास व रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रदेश भर से आईं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियां मौजूद थीं। यहाँ फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में आजीविका मार्ट के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत व राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के डीपीएम श्री विनीत गुप्ता तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियां मौजूद थीं। स्व-सहायता समूहों की दीदियों सहित सभी प्रतिभागियों ने सीधे प्रसारण के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन सुना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में भोपाल में आयोजित हुए कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की दीदियों के उत्पादों को ऑनलाइन बाजार उपलब्ध कराने के लिये इंडिया पोस्ट, अमेजॉन सहेली, आईटीसी, एक्सेस डवलपमेंट, बुद्धा फाउण्डेशन, ट्रिफ एवं साइट सेवर के साथ एमओयू भी हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण मॉड्यूल का विमोचन भी किया। साथ ही प्रदेश के विभिन्न संभागीय मुख्यालयों में आयोजित हुए होली मेलों का भी वर्चुअल शुभारंभ किया। आजीविका मार्ट में ये उत्पाद उपलब्ध हैं फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में स्थापित किए गए आजीविका मार्ट में आकर्षक जैकेट, मसाले, शहद, गमले, खाद्य तेल, कलाकृतियां, टेडीवियर व अन्य प्रकार के खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन, जैविक दालें व अन्य प्रकार के एक से बढ़कर एक उत्पाद उपलब्ध हैं। ये सभी प्रकार के उत्पाद स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार किए गए हैं। आजीविका मार्ट के शुभारंभ के बाद जिला पंचायत सीईओ श्री सोजान सिंह रावत व जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह ने आजीविका मार्ट का अवलोकन किया। साथ ही स्व-सहायता समूहों की दीदियों को संबोधित कर आजीविका मार्ट की बधाई दी। जिला पंचायत के सीईओ श्री रावत ने दीदियों का आह्वान किया कि रिस्क लेने से न डरें। सरकार द्वारा स्व-सहायता समूहों को देश ही नहीं वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने के लिये प्रभावी कदम उठाए गए हैं। आप सबको भी सरकारी योजनाओं की मदद मिलेगी। हाट बाजार में 27 व 28 फरवरी को लगेगा “होली के रंग, आजीविका के संग” होली मेला फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में 27 व 28 फरवरी को “होली के रंग, आजीविका के संग” होली मेला लगेगा। इस मेले में संभाग भर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियां एक से बढ़कर एक उत्पाद लेकर आयेंगीं। यह मेला दोनों दिन दोपहर 12 बजे से देर शाम 8 बजे तक आम जनता के लिये खुला रहेगा। इस मेले में प्रकृति एवं पर्यावरण के हित को ध्यान में रखकर विशेष रूप से तैयार किए गए प्राकृतिक रंग, पूजन सामग्री, गौ-काष्ठ, गोबर की गुलेरी, गणेश, धूपबत्ती, गुजियां व अन्य प्रकार की मिठाईयां, नमकीन एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्त्र बिक्री के लिये उपलब्ध रहेंगे।