क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


- अब सीधे दर्ज होगी एफआईआर, स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए ट्रेनिंग अनिवार्य - मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुद्ध के लिए युद्ध अभियान तेज; शिकायतों के लिए जारी हुए दो टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद इंदौर जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के विरुद्ध अपनी कार्रवाई की धार और तेज कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अब केवल चालान नहीं, बल्कि अमानक सामग्री पाए जाने पर सीधे कठोर कानूनी कार्रवाई और एफआईआर सुनिश्चित की जाएगी। इंदौर अपनी अनूठी खाद्य संस्कृति और स्ट्रीट फूड के लिए वैश्विक पहचान रखता है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि शहर के समस्त स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन कार्यक्रम संचालित किए जाएं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन सिस्टम (आरबीआईएस) के तहत हाई-रिस्क प्रतिष्ठानों की सघन जांच करें और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन कराएं। :: त्योहारी सीजन के लिए विशेष संयुक्त दल गठित :: आगामी त्योहारों के मद्देनजर कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मिलाकर संयुक्त जांच दल गठित करने के निर्देश दिए हैं। ये दल औचक निरीक्षण कर नमूने एकत्रित करेंगे और प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजेंगे। बैठक में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि जिले में निरंतर निगरानी की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्रकरण दर्ज कर सख्त सजा दिलाई जाएगी। :: उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षा कवच : सीधे करें शिकायत :: कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु दो विशेष टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं। यदि किसी उपभोक्ता को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में कमी या मिलावट की आशंका है, तो वे इन नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं: - टोल फ्री हेल्पलाइन 1) 0731-181 - टोल फ्री हेल्पलाइन 2) 0755-2840621 :: जागरूकता और कार्रवाई साथ-साथ :: कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वेंडर्स की क्षमता वृद्धि और उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना भी है। इसी कड़ी में स्ट्रीट वेंडर्स को एफएसएसएआई के मानकों की जानकारी देने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। प्रशासन की इस सक्रियता से मिलावटखोरों में हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। प्रकाश/25 फरवरी 2026