अंतर्राष्ट्रीय
25-Feb-2026


रियो डी जेनेरियो(ईएमएस)। ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी राज्य मिनास गेरैस में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार शाम शुरू हुई तेज बारिश के बाद सबसे ज्यादा तबाही जुइज दे फोरा और उबा शहर में हुई। अधिकारियों के अनुसार जुइज दे फोरा में 18 और उबा में 7 लोगों की जान गई। कई घर और इमारतें ढह गईं। दर्जनों लोग अब भी लापता हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने जुइज दे फोरा में ‘स्टेट ऑफ कैलैमिटी’ घोषित कर मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार की पूरी मदद का भरोसा दिया है। सिर्फ जुइज दे फोरा में करीब 440 लोग बेघर हो गए हैं। प्रशासन ने अस्थायी शेल्टर बनाए हैं और राहत सामग्री के लिए अपील की है। मेयर ने तीन दिन का शोक घोषित किया है। विनोद उपाध्याय / 25 फरवरी, 2026