ट्रेंडिंग
26-Feb-2026
...


तीन यूथ कांग्रेस वर्करों की गिरफ्तारी को लेकर हिमाचल प्रदेश में घमासान शिमला,(ईएमएस)। दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले तीन यूथ कांग्रेस वर्करों की गिरफ्तारी को लेकर हिमाचल प्रदेश में जमकर घमासान हुआ। खास बात है कि दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की पुलिस के बीच 20 घंटे तक चोर पुलिस का खेल चलता रहा। हिरासत में लेने, रोकने और छोड़ने का यह विवाद बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक चला। वहीं, शिमला के चिड़गांव थाने में देर रात को दिल्ली और हरियाणा की पुलिस टीम पर यूथ कांग्रेस के तीन आरोपियों की किडनैपिंग का मामला दर्ज किया है। शिमला पुलिस ने अब गुरुवार सुबह एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि बुधवार सुबह शिमला पुलिस को रोहड़ू के चिड़गांव के चांशुल रिज़ॉर्ट के मालिक ने सूचना दी थी कि कुछ व्यक्ति सिविल कपड़ों एवं हिमाचल के बाहर के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली गाड़ियों में थे और रिज़ॉर्ट में ठहरे तीन लोगों को अपने साथ ले गए। ये लोग कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर को भी अपने कब्जे में लिया था। शिमला पुलिस ने तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की, ताकि तथ्यों की सही जानकारी हासिल की जा सके और यह तय किया जा सके कि सभी प्रक्रियाएं कानून के मुताबिक पूरी तरह पालन करते हुए की जाएं। सोलन पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शिमला पुलिस की टीमों ने संबंधित व्यक्तियों को शोगी, आईएसबीटी शिमला तथा धर्मपुर पर गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पता चला कि यह समूह दिल्ली और हरियाणा पुलिस के कर्मियों का था, जिन्होंने दिल्ली में दर्ज एक मामले के संबंध में इन तीन व्यक्तियों का पीछा करते हुए उन्हें हिरासत में लिया था। शिमला पुलिस ने बताया कि सभी संबंधित व्यक्तियों के अधिकारों की सुरक्षा और विधिक प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन करने के लिए शिमला पुलिस की ओर से उन्हें स्थानीय सक्षम न्यायालय के सामने पेश किया गया। कानूनी प्रक्रिया के तहत तीनों व्यक्तियों का रिपन अस्पताल, शिमला में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। बाद में एसीजेएम कोर्ट ने आरोपियों का पुलिस को 18 घंटे का ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने तथा आवश्यक सत्यापन के बाद दिल्ली और हरियाणा पुलिस की टीम को संबंधित व्यक्तियों के साथ दिल्ली जाने की अनुमति दी गई। शिमला पुलिस ने बताया कि थाना चिड़गांव में केस दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है। रोहड़ू पुलिस ने दिल्ली पुलिस पर बीएनएस की धारा के तहत केस दर्ज किया है। शिमला के एएसपी अभिषेक ने शोघी बैरियर पर दिल्ली पुलिस के एसीपी राहुल को बताया कि उनके खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज किया गया है, क्योंकि उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रोसीजर फोलो नहीं किया है। बता दें शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले तीन आरोपियों की पहचान यूपी के सौरभ सिंह और अरबाज़ ख़ान और मध्य प्रदेश के सिद्धार्थ अवधूत के रूप में हुई है। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26 ---------------------------------