क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) लोकायुक्त पुलिस इन्दौर ने एक ट्रैप कार्रवाई करते महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक (संविदा) को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। उसने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को सहायिका के पद पर नियुक्ति देने के लिए दो लाख रुपए सहित कुल दो लाख पांच हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत लोकायुक्त इन्दौर को की जिस पर लोकायुक्त ने शिकायत सत्यापन पश्चात योजना बना एक ट्रैप कार्रवाई करते महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। पकड़ाई पर्यवेक्षक का नाम अंजिला मोहे पति मदन मोहे उम्र पचपन साल है और वह सेक्टर सावली महिला बाल विकास परियोजना खालवा (खंडवा) में पदस्थ है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के अनुसार फरियादी सलिता पालवी पति अजेश निवासी मोजवारी (खालवा) की शिकायत पर यह ट्रैप कार्रवाई की गई जिसमें आरोपी पर्यवेक्षक को रंगें हाथों पकड़ा। मामले में एसपी के अनुसार गत अक्टूबर 2025 में सहायिका के पद पर आंगनवाडी केन्द्र 1 मोजवारी में फरियादी की नियुक्ति हुई थी। फरियादी के गांव मोजवारी में स्थित आगनवाडी केन्द्र-3 में एक कार्यकर्ता का पद रिक्त हुआ है। फरियादी ने अपनी पात्रता कार्यकर्ता की होने से नियमानुसार कार्यकर्ता फार्म महिला एवं बाल विकास विभाग खालवा में जमा किया और आरोपी अजिला मोहे से फरियादी मिली तो उसने उससे पूर्व में सहायिका के पद पर नियुक्ति देने के पांच हजार रुपए एवं कार्यकर्ता के पद पर आंगनवाडी केन्द्र-3 मोजवारी में नियुक्ति देने के लिए दो लाख रुपए सहित कुल दो लाख पांच हजार रुपए रिश्वत की मांग की। फरियादी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त इन्दौर से की थी। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने आरोपी अजली मोहे को फरियादी से पांच हजार रुपए रिश्वत राशि लेते योजनाबद्ध तरीके से रंगेहाथ पकड आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण सशोधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026