गुना (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री ने आज सुबह वार्ड क्रमांक 19, 20 और 22 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए वार्ड 19 के कचरा वाहन चालक को तत्काल सेवा से हटाने के निर्देश दिए। शिकायत पर ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई: वार्ड क्रमांक 19 के बलवंत नगर में निवासियों ने सीएमओ से शिकायत की थी कि कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं आ रहा है, जिससे गंदगी पैर पसार रही है। इस पर सुश्री खत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन चालक को हटाने की कार्रवाई की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि कचरा कलेक्शन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एजेंसी के प्रतिनिधि को भी सख्त हिदायत दी गई कि सभी वाहन दुरुस्त रहें और हर घर से कचरा उठना सुनिश्चित हो। सफाई अमले और दरोगाओं को चेतावनी: सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि स्वच्छता अमले का मुख्य कार्य शहर को साफ रखना है और प्रशासन उनकी हर जायज मांग पूरी करता है। उन्होंने सफाई दरोगाओं और मेट को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में सफाई व्यवस्था में व्यवधान मिला, तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वार्डों में होंगे निर्माण कार्य: वार्ड 19 के कुशमौदा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पार्षद अजब बाई लोधा ने निर्माण कार्यों की आवश्यकता से अवगत कराया। सीएमओ ने मौके पर ही उपयंत्री रामवीर शर्मा को एस्टीमेट तैयार कर जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अमित आर्य, राजेश सिलवट और सिद्धिविनायक टीम के सदस्य उपस्थित रहे। -सीताराम नाटानी