राष्ट्रीय
27-Feb-2026


:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली होंगे शामिल; 3 माह चलेगा कैंसर रोधी अभियान :: इंदौर/अजमेर (ईएमएस)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। तीन माह तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अभियान से सभी राज्य वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होकर प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भोपाल के डॉ. काटजू अस्पताल में अभियान का आगाज़ करेंगे। अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं पात्र होंगी। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है, जिसके लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य की गई है। बालिकाओं को 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत यह टीकाकरण केवल जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों जैसे शासकीय संस्थानों में ही होगा, जहाँ टीकाकरण के बाद बालिकाओं को 30 मिनट तक विशेषज्ञों के अवलोकन में रखा जाएगा। भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए दूसरा सबसे बड़ा खतरा है, जिसकी रोकथाम में यह अभियान निर्णायक भूमिका निभाएगा। प्रकाश/24 फरवरी 2026