राष्ट्रीय
28-Feb-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई की सहार पुलिस ने अंधेरी में ‘होटल विला पैलेस’ में विदेशी महिलाओं के साथ चलाए जा रहे एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में होटल मैनेजर समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और दो विदेशी महिलाओं को बचाया गया है। सहार पुलिस को मिली गुप्त जानकारी के मुताबिक, अंधेरी के ए.के.रोड पर ‘विला पैलेस’ होटल में कुछ विदेशी महिलाओं को नौकरी का लालच देकर भारत बुलाया जा रहा था और उनसे वेश्या व्यवसाय करवाया जा रहा था। इस जानकारी की जाँच करने के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक की मदद से जाल बिछाया। योजना के मुताबिक, फर्जी ग्राहक ने आरोपी से संपर्क किया और विदेशी महिलाओं की मांग की। इसके बाद आरोपी ने उसे होटल बुलाया। जब फर्जी कस्टमर होटल गया, तो वहां के स्टाफ ने उसे दो महिलाओं से मिलवाया जो युगांडा की नागरिक थीं। जैसे ही पैसों का लेन-देन शुरू हुआ, पुलिस ने उस जगह पर छापा मारा और पूरे रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया। इस कार्रवाई में होटल मैनेजर विवेककुमार वैद्यनाथ यादव, हाउसकीपिंग स्टाफ अनिलकुमार जोकू पुष्पाकर, धीरज मधुकर जांबले और महेश राजपाल राजवरिया को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को एक स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। सहार पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है और इस तरह से कितनी महिलाओं को फंसाया गया है। उधर पुलिस ने दो विदेशी महिलाओं को मेडिकल जांच के बाद उन्हें महिला सुधार गृह भेज दिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि होटल मालिक अक्षय दिलीप शेटे और जैस्मीन नाम की एक केन्याई नागरिक इस रैकेट के मुख्य मास्टरमाइंड हैं। दोनों को इस मामले में वॉन्टेड आरोपी घोषित किया गया है और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। संजय/संतोष झा- २८ फरवरी/२०२६/ईएमएस