राज्य
28-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला उद्योग विभाग में बायलर इंस्पेक्टर पद पर हुई भर्ती से जुड़ा है। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला उद्योग विभाग में बायलर इंस्पेक्टर के पद पर कानन वर्मा की नियुक्ति से जुड़ा है। आरोप है कि चयनित अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा से अधिक थे। इस भर्ती को लेकर दूसरे अभ्यर्थी साकेत अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। अदालत ने साकेत अग्रवाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें नियुक्ति देने का आदेश दिया था। हालांकि, आरोप है कि विभाग की ओर से अब तक इस आदेश पर अमल नहीं किया गया है। गौरीशंकर श्रीवास ने आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए तीन सदस्यों—प्रवीण वर्मा, संत कुमार पासवान और सरिता उइके—की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। ये तीनों सदस्य पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नियुक्त हुए थे। श्रीवास ने आरोप लगाया कि इन सदस्यों की कार्यशैली संदिग्ध रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रवीण वर्मा का संबंध चयनित अभ्यर्थी कानन वर्मा से बताया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगते हैं। भाजपा नेता ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा है कि आयोग की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए संबंधित सदस्यों को तत्काल पद से हटाकर पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में सामने आए घोटालों में भी ये सदस्य दागदार रहे हैं, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 फरवरी 2026