मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के भिवंडी में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, तैयार उत्पाद और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को आग अचानक फैक्ट्री परिसर से उठती लपटों के रूप में देखी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चूंकि फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल्स का भंडारण था, इसलिए आग तेजी से फैलती चली गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक आग पर नियंत्रण पाने की कोशिशें जारी रहीं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय फैक्ट्री में सीमित संख्या में कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हिदायत/ईएमएस 28फरवरी26