बालोद(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर की गई टिप्पणी पर बालोद में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल ने तीखा पलटवार करते हुए बयान जारी किया है। श्याम जायसवाल ने कहा कि संघ जैसे राष्ट्रवादी संगठन पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा और संघ की स्थापना के इतिहास का उल्लेख करते हुए दोनों के बीच वैचारिक अंतर को रेखांकित किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का गठन अंग्रेज अधिकारी ए.ओ. ह्यूम द्वारा किया गया था, जबकि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी, जिसका उद्देश्य समाज को संगठित करना था। जायसवाल ने कहा कि संघ का स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में योगदान रहा है। उन्होंने 1930 के सत्याग्रह, विभाजन काल और 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए दावा किया कि स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि 1963 की गणतंत्र दिवस परेड में संघ को आमंत्रित किया गया था। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर गांधी हत्या और अन्य मुद्दों को लेकर “राजनीतिक आरोपों” की पुनरावृत्ति करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने महादेव ऐप और कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। हालांकि इन आरोपों पर कांग्रेस या भूपेश बघेल की ओर से इस बयान के संदर्भ में तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 फरवरी 2026