रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की सियासत अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर खुलकर सामने आ गई है। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर डिजिटल मंच तक पहुंच गया है।ताजा मामला भाजपा के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल @BJP4CGState पर पोस्ट किए गए एक रैप वीडियो का है। करीब 1 मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो में कांग्रेस शासनकाल के दौरान कथित तौर पर हुए घोटालों का जिक्र किया गया है। पोस्ट में लिखा गया है – “कांग्रेस सरकार में है घोटालों का रिवाज, लबरा भूपेश घोटालेबाजों का सरताज।” वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके पुत्र चैतन्य बघेल, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए शराब घोटाला, कोयला लेवी घोटाला, चावल घोटाला समेत कई मामलों का जिक्र किया गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 फरवरी 2026