पीएम मोदी ने अजमेर में युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र बांटे अजमेर,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर के कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश और सेना को बदनाम करने की पुरानी आदत से बाज नहीं आ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब अपने मूल स्वरूप में नहीं रही। पहले यह यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी, अब यह एमएमसी यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश कांग्रेस विदेशी मंचों पर भी भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भारत की खुलकर तारीफ की। जब पूरा विश्व भारत की सराहना करता है तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है, लेकिन कांग्रेस इसे भी पचा नहीं पाती। सभा से पहले पीएम मोदी ने 9 से 14 साल की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही करीब 17 हजार करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि दो साल पहले राजस्थान में पेपर लीक की खबरें सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन अब ऐसी घटनाओं पर रोक लगी है और दोषियों पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 21,800 युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान विकसित भारत 2047 के विजन में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों में प्रदेश को लाखों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है और राज्य तेजी से विकास पथ पर अग्रसर है। पीएम मोदी ने अपनी हाल की इजराइल यात्रा का जिक्र करते हुए राजस्थान के वीर सैनिकों के शौर्य को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हाइफा में राजस्थान के सपूतों के योगदान को आज भी सम्मान से याद किया जाता है। अजमेर की यह सभा राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां एक ओर विपक्ष पर तीखे हमले हुए तो दूसरी ओर विकास योजनाओं और रोजगार पर जोर दिया गया। सिराज/ईएमएस 28फरवरी26 -----------------------------------