01-Mar-2026
...


- सेफ हेवन की ओर बढ़े निवेशक, सोमवार को गैप-अप ओपनिंग संभव मुंबई (ईएमएस)। इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने शनिवार तड़के ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई की, जिसके बाद मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव तेजी से बढ़ गया है। हमले की खबर से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता का माहौल बन गया है और निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। शनिवार को भारतीय कमोडिटी बाजार बंद थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेज हलचल देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना लगभग 2 प्रतिशत चढ़कर 5,296.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी में करीब 8 प्रतिशत की तेजी आई और यह 93.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते तनाव के कारण सोमवार को भारतीय बाजारों में सोना-चांदी गैप-अप खुल सकते हैं। एमसीएक्स पर शुक्रवार को सोना 1,61,971 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,81,990 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बाजार विश्लेषकों के अनुसार यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना 5,300 डॉलर का स्तर पार करता है तो भारत में इसकी कीमत 1,68,000 से 1,70,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है। वहीं चांदी 95 डॉलर के ऊपर टिकने पर 100 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है, जिससे घरेलू बाजार में कीमत 3,00,000 रुपये प्रति किलो के करीब जा सकती है। हालांकि विशेषज्ञ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि तनाव और बढ़ता है तो कीमतों में और तेजी संभव है, लेकिन कूटनीतिक समाधान की स्थिति में गिरावट भी आ सकती है। इसलिए निवेशकों को जोखिम प्रबंधन के साथ रणनीति बनानी चाहिए। सतीश मोरे/01मार्च ---