ट्रेंडिंग
28-Feb-2026
...


खड़गे ने कहा दो मोर्चा पर लड़ना है, एक ओर मोदी, दूसरी ओर मान सरकार बरनाला (ईएमएस)। पंजाब के बरनाला में शनिवार को कांग्रेस की मजदूर महारैली हुई। इस महारैली को संबोधित कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस में जारी गुटबाजी को लेकर तमाम नेताओं को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को साफ संदेश देना चाहता हूं कि काम टीम वर्क से होता है। एक खिलाड़ी गेम नहीं जीत सकता है। हमारे पास पूरी टीम बैठी है। मैं संदेश देना चाहता हूं कि टीम प्लेयर बनो। वरना रिजर्व में बैठा दूंगा। रैली में मंच से राहुल गांधी ने कहा कि चाहे आप कितने भी बढ़े हो, लेकिन पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। आप टीम प्लेयर बनो। नहीं बने.....तब मैं और खड़गे आपको ठीक कर देने वाले है। यहां सारे सीनियर नेता बैठे हैं। मैं इन्हें बताना चाहता हूं कि हमारी सच्ची शक्ति हमारे कार्यकर्ता हैं। जो भी होगा पंजाब में इनकी इच्छा से होगा। उन्होंने कहा कि 4 माह से अमेरिका-भारत डील रुकी थी। संसद में जब मेरा भाषण चल रहा था, तब उस भाषण को रोका जा रहा था। तभी शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन ट्रंप को जाता है। यह मैंने नहीं कहा है। इस बात को लेकर ट्रंप ने ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्रंप को फोन किया। लेकिन किसी मंत्री को नहीं पूछा और कह दिया कि मैं डील के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि डील में सोयाबीन, दाल, अखरोट, बादाम यह सारा अमेरिका को दे दिया है। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा के सारे किसान बर्बाद होने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने दरवाजा खोल दिया। अमेरिका का सामान आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी का गला पकड़ कर सिर झुका दिया है। पीएम मोदी भी ये डील नहीं चाहते थे। चार महीने से वे रोकने की कोशिश कर रहे थे। हम ब्यूरोक्रेटस से पूछते थे कि कृषि क्षेत्र, तब नहीं खोल रहे हैं। वह जवाब देते थे कि नहीं खोल रहे हैं। लेकिन अब सवाल उठता है कि जो काम चार महीने में नहीं किया वहां पीएम मोदी ने 15 मिनट में कैसे कर दिया। इसके पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि पंजाब की धरती पर किसान और मजदूरों की महारैली हो रही है। यहां बातें किसानों के पक्ष में होंगी। जैसे आप तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लड़े थे। वैसे ही आप केंद्र सरकार के खिलाफ लड़े। उन्होंने कहा कि आप को 2 मोर्चों पर बड़ी लड़ाई लड़नी है। एक ओर मोदी सरकार.......दूसरी तरफ पंजाब की मान सरकार से लड़ना है। कांग्रेस सरकार ने जल, जंगल, जमीन बचाने के लिए कई कानून लाई, लेकिन आज मोदी सरकार एक-एक करके सबकुछ बेच रही है। नरेंद्र मोदी......सरेंडर मोदी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि यह ट्रंप के सामने सरेंडर कर रहे हैं। वहां सिर झुका रहे हैं। नाक रगड़ रहे हैं। जो ट्रंप कहता है वह करते हैं। यह देश को बेचने का काम कर रहे हैं। अपने देश को गुलामी में रखने का काम कर रहे हैं। उनकी बी टीम भी उनका साथ दे रही है। वहीं इस मौके पर जालंधर से सांसद और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा केजरीवाल जैसे काले अंग्रेज पंजाब को लूटने आए थे, आज वह लूटकर लेकर जा रहे हैं। आज पंजाब के लोग आपकी ओर देख रहे हैं। आपने एमएसपी की लीगल गारंटी, मनरेगा की बात कही है। आपने मुझे 3 महीने के लिए मुख्यमंत्री बनाया। बड़े-बड़े बिजली के बिल माफ किए। हर वर्ग के लिए काम किया। राहुल जी आप आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब 2027 का फतवा कांग्रेस के हाथ में देने जा रहा है। आप महीने में एक बार पंजाब आओ। जो लोग 2029 में राहुल गांधी को पीएम देखना चाहते हैं वह हाथ खड़ा करें। हम पंजाब वाले तीन चीजें आपसे चाहते हैं। जब अपनी सरकार आए, तब जो हमारी पहचान (पंजाब) जय जवान जय किसान वाली थी, मोदी ने जो धोखा किया, अग्निवीर भर्ती शुरू कर दी, जब सरकार बने, तब सेना की रैगुलर भर्ती शुरू हो। इंडो अमेरिकन एग्रीमेंट किया गया। उससे किसानों को नुकसान होगा। 1947 से लेकर जब तक मनमोहन सिंह की सरकार रही है, हम लोगों ने डब्ल्यूडीयू को नहीं माना। इस डील को कैंसिल किया जाएगा। आशीष दुबे / 28 फरवरी 2026