कांग्रेस सांसद ने खामेनेई की मौत पर जताया शोक, बताया शहीद नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई इजराइल-अमेरिका के द्वारा संयुक्त रूप किए हमले में मारे गए। इन हमलों में उनके साथ उनके परिवार के और भी कई सदस्य मारे गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके ठिकानों पर एक साथ 30 से ज्यादा बम बरसाए गए। खामेनेई की मौत को लेकर ईरान में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। बदला लेने की बात कही जा रही है। इस खबर का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। भारत के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने खामेनेई को शहीद बताया है। इसके लिए उन्होंने साबिर जफर की शायरी के जरिए अपना शोक व्यक्त किया है। वह लिखते हैं, ‘न इंतिज़ार करो इनका ऐ अज़ा-दारो, शहीद जाते हैं जन्नत को घर नहीं आते। एक बयान में ब्रिटेन के पीएम केअर स्टॉर्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका-ईरान से फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके देश ईरान पर हुए हमलों में शामिल नहीं हैं, लेकिन वे अमेरिका, इजराइल और क्षेत्र के सहयोगी देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं। ये तीनों देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत से समाधान की कोशिशों में आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम क्षेत्र के देशों पर ईरान के हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। ईरान को बिना सोचे समझे सैन्य हमले करने से बचना चाहिए। आखिर में ईरानी लोगों को अपना भविष्य खुद तय करने देना चाहिए। बाद में आपात सुरक्षा बैठक में मैक्रों ने कहा कि ईरान पर हुए हमलों के बारे में फ्रांस को न पहले से बताया गया था और न ही फ्रांस इसमें शामिल था। उन्होंने कहा कि बातचीत से समाधान निकालने की कोशिशें और तेज करनी चाहिए। मैक्रों ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, उसकी बैलिस्टिक गतिविधियों और क्षेत्र में अस्थिरता जैसे मुद्दे सिर्फ हमलों से ही हल हो जाएंगे, यह सोचना गलत है। 22 देशों के अरब लीग ने ईरान के हमलों को शांति का समर्थन करने और स्थिरता लाने की कोशिश करने वाले देशों की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया। यह समूह पहले भी इजराइल और ईरान के ऐसे कदमों की निंदा करता रहा है जिनसे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ने का खतरा हो सकता है। सिराज/ईएमएस 01मार्च26 ------------------------------