01-Mar-2026
...


- सीएसईबी-मानिकपुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में 3 गिरफ्तार कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत सीएसईबी एवं मानिकपुर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। 5 अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए 3 कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल बताये जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार सीएसईबी क्षेत्र के मानसनगर और टी.पी. नगर में 4 मकान व दुकानों तथा मानिकपुर क्षेत्र में 1 दुकान का ताला तोड़कर नगदी व सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी की गयी थी। प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुड़ापार, मानिकपुर निवासी सहित दो नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने मानस नगर, टी.पी. नगर और कुआंभट्ठा क्षेत्र में चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की रकम से दिल्ली और मनाली घूमने जाने की बात भी सामने आई है। उनके कब्जे से लोहे का रॉड, मोटर साइकिल तथा नगदी रकम जब्त की गई है। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। 01 मार्च / मित्तल