क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- फाग उत्सव में राधा-कृष्ण के भजनों पर झूमे श्रद्धालु - गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियों से सराबोर हुआ अनंतेश्वर धाम, इस्कॉन की मधुर स्वर लहरियों ने बांधा समां :: इंदौर (ईएमएस)। होली के रंगों और भक्ति की सुरधारा का अनूठा संगम तुलसी नगर के अनंतेश्वर धाम में साकार हुआ। राधा संकीर्तन एवं अनंतेश्वर महादेव सेवा मंडली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फाग उत्सव ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और उल्लास से भर दिया। जैसे ही इस्कॉन की भजन मंडली ने राधा-कृष्ण के प्रेम प्रसंगों पर आधारित सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, पूरा परिसर राधे-राधे के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। आयोजन के दौरान इस्कॉन के कलाकारों ने जब अपने वाद्य यंत्रों की थाप पर कान्हा की लीलाओं का बखान किया, तो वहां मौजूद श्रद्धालु स्वयं को रोक नहीं पाए। कॉलोनी के रहवासी और विशेषकर बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्तियां भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर भक्ति रस में सराबोर होकर झूमती नजर आईं। राधा-कृष्ण के रास प्रसंगों के भावपूर्ण वर्णन ने ऐसा समां बांधा कि हर भक्त स्वयं को गोकुल और वृंदावन की गलियों में महसूस करने लगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक होली रही, जहाँ रंगों की जगह आस्था और प्रेम की खुशबू बिखरी। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल के साथ-साथ ताजे गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेली। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला देर तक चलता रहा, जिससे पूरा अनंतेश्वर धाम परिसर आपसी सौहार्द और प्रेम की नई आभा से सराबोर हो गया। प्रकाश/1 मार्च 2026