धनबाद(ईएमएस)।रविवार को राजेंद्र सरोवर पार्क, बेकार बांध में बंगाली समुदाय द्वारा अष्टम वर्ष “दोल उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंगाली समुदाय की पारंपरिक दोल उत्सव संस्कृति को सांस्कृतिक स्वरूप में प्रस्तुत करना था। रंग, संगीत और नृत्य से सजे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को वसंत के उल्लास से सराबोर कर दिया।दोल उत्सव की परंपरा की प्रेरणा विश्वभारती विश्वविद्यालय से जुड़ी है, जिसकी स्थापना रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी। वर्ष 1920 से वहां इसे सांस्कृतिक-शैक्षिक वातावरण में संगीत, नृत्य, कविता और रंगों के साथ वसंत उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पिछले आठ वर्षों से धनबाद में इस आयोजन का सफल संचालन किया जा रहा है।कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रिया रंजन, बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के सचिव गोपाल भट्टाचार्य, बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष कंचन दे, झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की रीना मंडल, सिंबोसिस पब्लिक स्कूल के निदेशक आशीष मंडल तथा साहित्यकार तपन राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अतिथियों का स्वागत बच्चों ने फूल और हर्बल गुलाल से किया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रूमिंग क्लब द्वारा रवींद्र संगीत “ओरे गृहोबासी” पर पार्क परिक्रमा नृत्य से हुई। कर्मवीर सिंह/01मार्च/26