क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


रायसेन ।जिले में मौसम में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे धूप की तीव्रता में थोड़ी कमी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएस तोमर का कहना है कि वर्तमान में प्रदेश के ऊपर कई तरह के मौसम तंत्र सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ ही हवाओं की दिशा में बदलाव देखा जा रहा है। इसके चलते वातावरण में नमी बनी हुई है। जिससे हल्के बादलों का आना-जाना जारी है। यदि नमी का स्तर बढ़ता है तो कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। रायसेन में पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ था।लेकिन अब इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।दोपहर के समय धूप तेज महसूस हो सकती है।जिससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होगा।हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। कृषि विशेषज्ञ डॉ स्वनिल दुबे के अनुसार बदलते मौसम का असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। खासकर गेहूं और चना की फसल के लिए यह समय संवेदनशील होता है। यदि हल्की बूंदाबांदी होती है तो इससे फसलों को फायदा मिल सकता है।लेकिन तेज बारिश या तेज हवाएं नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल जिले में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी और आंशिक बादल छाए रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। किशोर वर्मा (ems)रायसेन ०१/०३/२०२०६