भोपाल (ईएमएस)। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 में किसानों को बड़ी सौगातें मिल रही हैं। इसके तहत जनजातीय अंचल में पहली बार कृषि कैबिनेट की ऐतिहासिक बैठक 2 मार्च को बड़वानी में आयोजित होने जा रही है। बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे। कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में कृषि कैबिनेट का आयोजन राज्य सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री कंषाना ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना, सिंचाई, बीज, खाद एवं विपणन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाना है। कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 के तहत प्रदेश के किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। बड़वानी में आयोजित होने वाली कृषि कैबिनेट बैठक में विशेष रूप से जनजातीय किसानों की समस्याओं, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और कृषि अधोसंरचना विकास पर भी चर्चा की जाएगी। कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए संकल्पित है। यह बैठक प्रदेश के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगी। जनजातीय अंचल में इस प्रकार की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करना, क्षेत्र के किसानों के लिए गर्व का अवसर है। हरि प्रसाद पाल / 01 मार्च, 2026