दुबई(ईएमएस)। दुनिया के सबसे सुरक्षित और विलासितापूर्ण माने जाने वाले शहर दुबई और अबू धाबी अब युद्ध की आग की चपेट में हैं, जिससे वहां मौजूद अमीरों और विदेशी नागरिकों के बीच भारी दहशत है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि इन शहरों से बाहर निकलने के लिए प्राइवेट जेट्स की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है और लोग सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रहे हैं। विशेषज्ञों और चार्टर कंपनियों के अनुसार, खाड़ी देशों से बाहर निकलने के लिए लोग एक उड़ान के लिए 3.5 लाख डॉलर यानी करीब 3.2 करोड़ रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं। हमलों के कारण दुबई और अबू धाबी जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं, जिससे सामान्य उड़ानें ठप हो गई हैं। ऐसे में रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सुरक्षित निकास का मुख्य केंद्र बनकर उभरा है। लोग दुबई और अबू धाबी से 10 घंटे की लंबी ड्राइव कर कारों के काफिलों में सऊदी अरब पहुंच रहे हैं, ताकि वहां से यूरोप या अमेरिका के लिए उड़ान भर सकें। निजी सुरक्षा कंपनियां एसयूवी के जरिए लोगों को सुरक्षित सीमा पार कराने में जुटी हैं। अमेरिका और इजरायल के बीच छिड़े भीषण संघर्ष ने पूरे मिडिल ईस्ट को हिलाकर रख दिया है। ईरान द्वारा सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के आधुनिक शहरों को निशाना बनाकर किए जा रहे मिसाइल हमलों ने इस क्षेत्र की स्थिरता को ध्वस्त कर दिया है। ईरान के इन हमलों ने दुबई की सुरक्षित हब वाली छवि को गहरा झटका दिया है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे गए हैं। हालांकि, अधिकांश को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन कुछ हमलों ने जेबेल अली पोर्ट, बुर्ज अल अरब और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। हमलों के कारण लगी आग और मची अफरा-तफरी ने निवेशकों और पर्यटकों के मन में डर पैदा कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि रियाद अब तक बड़े सीधे हमलों से बचा हुआ है, क्योंकि माना जा रहा है कि सऊदी नेतृत्व ने अपनी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ न होने देने का आश्वासन दिया है। हालांकि, सऊदी अरामको के तेल संयंत्र पर हालिया हमले ने खतरे की घंटी बजा दी है। वर्तमान में पूरा मिडिल ईस्ट एक ऐसे चौराहे पर खड़ा है जहां सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों दांव पर लगी हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/03मार्च2026 --------------------------------