-पार्टी को मजबूत करने की रणनीति को लेकर डीसीसी अध्यक्षों को करेंगे संबोधित हैदराबाद,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को हैदराबाद पहुंचे, जहां शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीएम ए रेवंत रेड्डी ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर आगमन के तुरंत बाद राहुल गांधी, सीएम रेड्डी के साथ विकाराबाद जिले के दौरे पर निकल गए। वहां वह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्षों के प्रशिक्षण से संबंधित समापन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मीडिया रिपोर्ट में कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि राहुल गांधी के यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर सीएम ए रेवंत रेड्डी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह सीएम रेड्डी के साथ कार्यक्रम में शामिल होने विकाराबाद रवाना हो गए। सत्र के दौरान राहुल गांधी तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने की रणनीति को लेकर डीसीसी अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 फरवरी को शुरू हुआ था जिसमें तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के डीसीसी अध्यक्षों ने भाग लिया। राहुल गांधी सोमवार को विकाराबाद में कांग्रेस की तेलंगाना इकाई की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में भी शामिल होंगे। सिराज/ईएमएस 02मार्च26