-कड़ी सुरक्षा के बीच नेतन्याहू ने ईरानी हमले से तबाह हुई जगहों का दौरा किया तेल अवीव,(ईएमएस)। इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने मध्य पूर्व में तनाव के बीच इजराइल का साथ खड़े रहने के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि भारत मुश्किल समय में इजराइल के साथ खड़ा है। यह बात उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कही। हाल में ही पीएम मोदी इजराइल यात्रा पर गए थे। इस दौरान भारत और इजराइल के बीच कई अहम सौदे हुए थे, जिनमें व्यापार और रक्षा क्षेत्र प्रमुख है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कड़ी सुरक्षा के बीच नेतन्याहू ने इजराइल के बेत शेमेश में ईरानी हमले से तबाह जगहों का दौरा किया। इस दौरान नेतन्याहू एक यहूदी प्रार्थना स्थल सिनेगाग भी गए, जहां ईरानी हमले में 9 इजराइली लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान बातचीत में नेतन्याहू ने पीएम मोदी के साथ हाल की अपनी टेलीफोन पर हुई बातचीत का जिक्र किया। नेतन्याहू ने कहा कि उनकी पीएम मोदी से लंबी बात हुई और इजराइल के साथ खड़े रहने, सच्चाई का साथ देने और भारत के लोगों की गहरी दोस्ती के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि मैं बातचीत की डिटेल में नहीं जाऊंगा, लेकिन मैंने उनसे बात की है, और मैंने इस क्षेत्र और उससे आगे के कई दूसरे नेताओं से भी बात की है। मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि नेतन्याहू से मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा करने के लिए फोन पर बात की। हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंताओं से अवगत कराया और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। भारत शत्रुता शीघ्र समाप्त करने की जरुरत को दोहराता है। पीएम मोदी ने रविवार रात यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बात की और खाड़ी देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है। सिराज/ईएमएस 03मार्च26