03-Mar-2026
...


-कुछ लोगों से की पूछताछ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज किए बरामद मुंबई,(ईएमएस)। मुंबई में आतंक से जुड़े एक मामले में महाराष्ट्र एटीएस ने बड़ी कार्रवाई की है। एटीएस को इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर टीम ने छापेमारी का फैसला लिया। एटीएस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पहले से निगरानी की जा रही थी। एटीएस टीम ने मुंबई के कुर्ला और गोवंडी इलाके में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एक साथ और सुनियोजित तरीके से की गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय पुलिस की मदद से एटीएस की टीम सुबह ही इन इलाकों में पहुंच गई थी। छापेमारी के दौरान संबंधित ठिकानों की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखा गया। सूत्रों के मुताबिक कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है जिन लोगों से पूछताछ हुई है, उनके कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसी तथ्यों को इकट्ठा कर आगे की कार्रवाई तय करेगी। महाराष्ट्र एटीएस की यह कार्रवाई आतंक विरोधी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। एजेंसियां लगातार ऐसे मामलों पर नजर रख रही हैं। मुंबई जैसे बड़े शहर में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जांच एजेंसियों का मकसद किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोकना है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और सहयोग करने की अपील की है। सिराज/ईएमएस 03मार्च26