- राधा-कृष्ण स्वरुप में की रासलीला खरगोन(ईएमएस)। फाल्गुन माह में चहूं ओर रंगोत्सव की धूम मची हुई है। शहर के ज्योति नगर में चार दिवसीय फाग उत्सव का आयोजन किया गया। यहां मंगलवार रात ब्रज की तर्ज पर फाग उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें कॉलोनी के महिला-पुरुषों के साथ बच्चे भी श्रीकृष्ण भक्ति में रमे नजर आए। यहां श्री श्याम भजनों के बीच फूलों की होली खेली गई। महिलाओं ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर उत्सव की खुशी का इजहार किया। कॉलोनी के शिवानी तड़ेवला, सचिन नीमा, मिश्री मालवीय, प्रमोद जोशी, प्रकाश चौरे श्रीकृष्ण तो वही पीहू कुमावत भारती नीमा, अश्विनी आडतिया, बेला जोशी, हर्षिता जोशी, पूजा चौरे अलग. अलग दिन राधारानी की वेशभूषा में श्रृंगारित होकर फाग उत्सव में शामिल हुई। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में रास लीला की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। राधा स्वरुप में श्रृंगारित जोडिय़ों के नयनाभिराम श्रृंगार ने उपस्थितजनों का मनमोह लिया। राधा-कृष्ण के रुप में सजी जोडिय़ों के साथ ही महिलाओं ने गोपियां बनकर मनोहारी नृत्य किया, जिससे संपूर्ण वातावरण राधा-कृष्ण की अलौकिक भक्ति से सराबोर हो उठा। आयोजन समिति की श्रीमती अनिता मालवीय ने कहा कि फाग महोत्सव सनातन धर्म की अनूठी धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत है। यह आयोजन नई पीढ़ी को इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव से जोड़ेगा और इसे बढ़ावा मिलेगा। मोना आचार्य, संगीता सोनी, पूजा चौरे ने बताया यह आयोजन होलिका दहन तक अनवरत जारी रहा। प्रतिदिन रात्रि 9 बजे भव्य आरती के साथ भगवान के श्रीचरणों में फूलों की होली खेली गई। होलिका दहन के बाद फाग उत्सव के समापन पर हर्बल रंगों से भी होली खेली गई। अंजली गडकरी, रानू पाल, शारदा राठौर, मधु परमार्थी, प्रिया मालवीय, हर्षिता जोशी, ममता परमार्थी, राधिका डंडीर, कल्पना शर्मा, दीपिका शर्मा, राधिका डंडीर, भारती नीमा, लता कुमावत ने बताया चार दिवसीय इस उत्सव में बालक-बालिकाओं में धर्म, संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उनकी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान करने का प्रयास था। नाजिम शेख / 03 मार्च, 2026