राज्य
03-Mar-2026
...


:: सोशल मीडिया पर गूंजी चालक की चीखें तो जागा प्रशासन; 24 घंटे में सलाखों के पीछे पहुँचे चार बदमाश :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के लसूड़िया क्षेत्र में सिक्का स्कूल के समीप सरेराह हुई एक वारदात ने शहरी सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए। एक कार चालक को महज इसलिए बेरहमी से पीटा गया और उसकी गाड़ी चकनाचूर कर दी गई क्योंकि उसने बदमाशों की अभद्रता का विरोध करने का साहस दिखाया था। हालांकि, इस बार बदमाशों की यह दबंगई उन्हीं पर भारी पड़ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर चार कुख्यात हमलावरों को दबोचकर उनका गुंडागर्दी का भूत उतार दिया। वारदात उस समय हुई जब फरियादी राजेश चौधरी अपनी कार से सुरक्षित घर लौट रहे थे। तभी लापरवाही से बाइक लहरा रहे युवकों ने उनकी कार के बोनट पर थूक दिया। जब राजेश ने इस घृणित हरकत पर आपत्ति जताई, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए उन पर टूट पड़े। बदमाशों ने न केवल चालक को धमकाया बल्कि बीच सड़क पर शराब पीने के लिए मोटी रकम की मांग भी शुरू कर दी। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जब राजेश ने अवैध वसूली की मांग ठुकरा दी, तो मुख्य आरोपी कुलदीप उर्फ भैय्यू ने अपना आपा खो दिया। उसने कार की डिक्की से बेसबॉल डंडा निकाला और फिल्म स्टाइल में कार के शीशों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में कार के कांच चकनाचूर हो गए और लोहे की चादरें पिचक गईं। इस दौरान अंदर बैठे राजेश को भी गंभीर चोटें आईं। बदमाश चीख-पुकार और तमाशबीनों के बीच जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। :: वायरल वीडियो ने पहुँचाया सलाखों के पीछे :: इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में कैद कर लिया था। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल फुटेज के आधार पर चेहरों की पहचान की। पुलिस ने घेराबंदी कर कुलदीप उर्फ भैय्यू, उज्जवल, शुभम और विशाल को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि ये चारों आदतन अपराधी हैं और शहर के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल का रास्ता दिखा दिया है। प्रकाश/03 मार्च 2026