मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह का आरोप है कि केरल और चेन्नई के कई सिनेमाघरों पर फिल्म न दिखाने का दबाव बनाया जा रहा है। विपुल शाह ने दोनों राज्यों के प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि थिएटर मालिकों को धमकियां मिल रही हैं ताकि वे फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दें। उन्होंने कहा कि अदालत का आदेश स्पष्ट है और उसका पालन होना चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब फिल्म पर स्टे था, तब टीम ने पूरी तरह कानून का सम्मान किया और किसी भी तरह की अवैध स्क्रीनिंग नहीं की। ऐसे में यदि केवल फिल्म निर्माता से कानून पालन की अपेक्षा रखी जाए और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई न हो, तो न्याय व्यवस्था का संतुलन बिगड़ जाता है। शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक हटा दी थी। यह फैसला डिवीजन बेंच द्वारा स्टे हटाए जाने के बाद आया, जो पहले सिंगल बेंच ने लगाया था। अदालत के आदेश के बाद फिल्म की स्क्रीनिंग का रास्ता साफ हुआ और फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में दिखाई जाने लगी। विपुल शाह का दावा है कि जिन स्थानों पर फिल्म प्रदर्शित हो रही है, वहां दर्शकों का रिएक्शन बेहद सकारात्मक है। थिएटर मालिक और डिस्ट्रीब्यूटर भी फिल्म के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं और आने वाले दिनों में शो और स्क्रीन बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। कलेक्शन की बात करें तो कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी ‘द केरल स्टोरी 2’ ने पहले दिन 75 लाख रुपये कमाए थे। दूसरे दिन 4.65 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 5.40 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। बता दें कि विपुल अमृतलाल शाह और सुदिप्तो सेन की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ लंबे समय तक विवादों में घिरी रही थी। फिल्म की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक ने मामले को और तूल दिया, लेकिन 27 फरवरी को अदालत से हरी झंडी मिलने के बाद इसके सीक्वल ‘द केरल स्टोरी 2’ आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंच गई। सुदामा/ईएमएस 05 मार्च 2026