क्षेत्रीय
05-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम दिल्ली के हरि नगर में एक दुकान से 40,000 रुपये के सिक्के और दस्तावेज चोरी करने वाले आरोपित बिपिन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हरि नगर पुलिस चौकी की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मजदूर बिपिन को पकड़ा। उसने निर्माणाधीन मकान का फायदा उठाकर चोरी की थी। पुलिस ने 12,500 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं, बाकी की तलाश जारी है। पश्चिम जिला के हरि नगर इलाके में एक दुकान में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। हरि नगर पुलिस चौकी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित पेशे से मजदूर है और उसी इलाके में काम करता था। पुलिस के अनुसार, यह वारदात 20 जनवरी की दरमियानी रात को हुई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे करीब 40,000 रुपये के सिक्के और कुछ बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उपायुक्त शरद भास्कर ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए हरि नगर चौकी इंचार्ज एसआई अनूप राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी छानबीन और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपित बिपिन कुमार (28) की पहचान की गई। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मार्च /2026