नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने एक्सपायर्ड खाने-पीने और कॉस्मेटिक सामान के रैकेट का भंडाफोड़ कर भारी माल जब्त किया। दो आरोपी गिरफ्तार, सप्लाई चेन की जांच जारी। त्योहारों के मौसम में जहां लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं, वहीं दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक्सपायरी और छेड़छाड़ किए गए खाने-पीने और कॉस्मेटिक सामान के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में एक्सपायर्ड और दोबारा पैक किए गए उत्पाद जब्त किए हैं। अगर ये सामान बाजार तक पहुंच जाता, तो हजारों लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था। इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी 38 वर्षीय अकरम अंसारी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले ओमप्रकाश शर्मा नाम के आरोपी को पकड़ा गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर स्थित शहीद नगर के रस्तोगी कंपाउंड में छापा मारा। वहां एक गोदाम से बड़ी संख्या में एक्सपायर्ड और नकली तरीके से दोबारा पैक किए गए सामान बरामद हुए। जांच में पता चला कि अकरम पिछले करीब 15 साल से कबाड़ी का काम करता था। वह अलग-अलग जगहों से एक्सपायरी हो चुका सामान सस्ते दामों पर खरीदता और ओमप्रकाश को सप्लाई करता था। इसके बाद पुराने लेबल हटाकर नई एक्सपायरी डेट लगाई जाती थी और सामान को असली बताकर बाजार में बेच दिया जाता था। यह खेल करीब दो साल से चल रहा था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मार्च /2026